सक्ति।सक्ती पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए महिला को झांसे में लेकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुद को जीवनसाथी बताकर पहले भरोसा जीता और बाद में वीडियो कॉल की स्क्रीनशॉट वायरल करने की धमकी देकर करीब 8 से 9 लाख रुपये ऐंठ लिए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया ने 9 मार्च 2026 को थाना सक्ती में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी पहचान जीवनसाथी ऐप के माध्यम से कानपुर निवासी अंकित तिवारी से हुई थी। आरोपी ने महिला और उसके बेटे को अपनाने का भरोसा दिलाया और धीरे-धीरे वीडियो कॉल के जरिए दबाव बनाना शुरू कर दिया।
जब महिला ने आपत्ति जताई तो आरोपी ने वीडियो कॉल के स्क्रीनशॉट लेकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। साथ ही नौकरी जाने का हवाला देकर पहले 5 से 7 लाख रुपये और बाद में लगातार पैसे की मांग करता रहा। डर के कारण पीड़िता अब तक करीब 8 से 9 लाख रुपये दे चुकी थी।मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी डॉ. भुवनेश्वरी पैंकरा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने कानपुर स्थित आरोपी के निवास पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी अंकित तिवारी (33 वर्ष), निवासी गंगापुर कॉलोनी, यशोदा नगर, किदवई नगर, कानपुर ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।इस कार्यवाही में निरीक्षक लखन लाल पटेल, थाना प्रभारी सक्ती के नेतृत्व में प्र. आर. ओमप्रकाश अजगल्ले, आर. मोहन सिदार एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
