Chhattisgarh. छत्तीसगढ़। राजधानी रायपुर में बढ़ते अपराध, नशे के कारोबार और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर संजीव मिश्रा, तुकाराम कांबले सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में शहर में हाल के दिनों में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं जैसे लूटपाट, हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण और नशे के अवैध कारोबार पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि इन गंभीर अपराधों पर तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाए तथा किसी भी स्थिति में अपराधियों को संरक्षण न मिले। Also Read – लालपुर फल मार्केट में खाद्य विभाग की कार्रवाई, 5 नमूने जांच के लिए भेजे गए, 40 किलो फल नष्ट उन्होंने विशेष रूप से चाकूबाजी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाए। साथ ही नशे के अवैध व्यापार पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। यातायात व्यवस्था को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि शहर में यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती बढ़ाई जाए और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमित चालानी कार्रवाई की जाए। इससे सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी। बैठक में अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में समन्वय बढ़ाया जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को लेकर और सख्त कदम उठाए जाएंगे ताकि शहर में सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित किया जा सके। SHIDDHANT
