संभल: जुनावई थाना क्षेत्र के सांकरा गंगा घाट पर कलश विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गंगा में स्नान करते समय तीन युवक गहरे पानी में चले गए। आसपास मौजूद लोगों ने एक युवक को सकुशल बाहर निकाल लिया, जबकि दो युवक तेज बहाव में बह गए। गोताखोरों ने दोनों को बाहर निकाला तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। अलीगढ़ जनपद के थाना विजयगढ़ क्षेत्र के गांव आलमपुर कठैरा निवासी निरंजन के घर आयोजित साप्ताहिक श्रीमद्भागवत कथा का मंगलवार को समापन हुआ था। कथा के उपरांत कलश विसर्जन के लिए परिवार और रिश्तेदारों सहित करीब 300 श्रद्धालु तीन ट्रैक्टरों और कई बाइकों से सांकरा गंगा घाट पहुंचे थे।
गांव गैलौरा निवासी प्रवीन कुमार (24), थाना मडराक क्षेत्र के गांव भरतुआ निवासी श्यामू (24) तथा एटा जनपद के फगरौल गांव निवासी अंकित (25) गंगा में स्नान करने उतर गए। नहाते समय तीनों युवक गहरे पानी में पहुंच गए और डूबने लगे। युवकों को डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों ने तत्काल बचाव शुरू किया। लोगों ने कपड़ा फेंककर अंकित को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन प्रवीन और श्यामू तेज बहाव में बह गए। सूचना मिलते ही स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दोनों युवकों को गंगा से बाहर निकाला। पुलिस दोनों युवकों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची।
चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव गैलौरा निवासी चंद्रवीर सिंह ने बताया कि प्रवीन कुमार शादीशुदा जबकि श्यामू अविवाहित था। श्यामू के भाई पंकज कुमार ने बताया कि श्यामू और अंकित आपस में ममेरे-फुफेरे भाई थे, जबकि प्रवीन उनका करीबी मित्र था। घटना की सूचना पर जुनावई थाना पुलिस के साथ नायब तहसीलदार अनुज कुमार और लेखपाल सोनू कुमार भी मौके पर पहुंचे। हालांकि, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर दोनों शव परिजनों को सौंप दिए। शवों को उनके पैतृक गांव ले जाया गया, जहां गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार की तैयारी की गई।
