बिलासपुर…रतनपुर थाना क्षेत्र के खुटाघाट बांध में मछली चोरी करते पकड़े जाने की रंजिश आखिरकार खूनी वारदात में बदल गई। बांध की रखवाली करने वाले चौकीदार तिरिथ राम यादव की सुनियोजित तरीके से हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने पहले स्कॉर्पियो वाहन से चौकीदारों की बाइक का रास्ता रोका, फिर डंडों से हमला कर दिया। हमले में श्याम सिंह पोर्ते किसी तरह जान बचाकर भाग निकला, जबकि तिरिथ राम यादव की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। रतनपुर पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए महज 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस के अनुसार कुछ दिन पहले खुटाघाट बांध में चौकीदारी के दौरान तिरिथ राम यादव ने कान्हा धीवर उर्फ गोलू और अनिश धीवर को मछली चोरी करते रंगे हाथों पकड़ लिया था तथा चोरी का वीडियो भी बना लिया था। इस दौरान आरोपियों ने उसका मोबाइल तोड़ दिया था। शिकायत के बाद दोनों पक्षों में समझौता तो हो गया, लेकिन मोबाइल नहीं बनवाए जाने से विवाद बना रहा। इसी बात को लेकर आरोपी चौकीदारों से गहरी रंजिश रखने लगे और बदला लेने की योजना तैयार कर ली।
